माननीय सांसद व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वर्गीय नितिन राणा को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
जनपद बागपत के ग्राम डौला निवासी स्वर्गीय नितिन राणा की दिनांक 27 मई 2026 को गाजियाबाद में हुई दुःखद हत्या की घटना के उपरांत आज ग्राम डौला स्थित उनके आवास पर पहुंचकर माननीय सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय एवं उपजिलाधिकारी बागपत ज्योति शर्मा ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दुःखद घटना के बाद मृतक के आश्रित परिवार की गंभीर आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹05 लाख (पांच लाख रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय नितिन राणा के निधन के पश्चात परिवार के समक्ष आर्थिक एवं सामाजिक संकट उत्पन्न हो गया था। मृतक के पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका है तथा परिवार में उनकी माता श्रीमती ऊषा देवी, अविवाहित बहन एवं भाई आश्रित हैं। परिवार की विषम परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने हेतु प्रकरण शासन को प्रेषित किया गया था।
शासन स्तर पर प्रकरण के परीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹05 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई, जिससे पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल प्राप्त होगा एवं दैनिक जीवन-यापन में सहयोग मिलेगा।
इस अवसर पर माननीय सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित, जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त परिवारों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है तथा आवश्यकता के समय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहायता राशि परिवार को कठिन परिस्थितियों से उबरने में सहायक सिद्ध होगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी दुःखद घटनाओं से प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों से भी लाभान्वित कराया जाए।
पीड़ित परिवार ने माननीय मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश शासन, जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सहायता एवं संवेदनात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। माननीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वर्गीय नितिन राणा को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
सूचना विभाग बागपत


लोकेश कटारिया न्यूज रिपोर्टर बड़ौत बागपत
