फरीदाबाद। सेक्टर-87 स्थित मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय 11वें देवर्षि नारद पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सात श्रेणियों में सम्मानित किया गया। विश्व संवाद केंद्र न्यास हरियाणा द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर से पत्रकार, शिक्षाविद, उद्योगपति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत के साथ किया गया।
समारोह में हरियाणा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. सुरेंद्रपाल, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार, न्यूज पोर्टल, फोटो पत्रकारिता और आजीवन उत्कृष्ट पत्रकारिता सहित सात श्रेणियों में पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार पत्रकारों के सामाजिक और आर्थिक सम्मान को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन जैसी योजनाएं दी जा रही हैं। वहीं प्रांत प्रचारक डॉ. सुरेंद्रपाल ने राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ सकारात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा कि पत्रकारों को राष्ट्रहित और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए।
इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र के सचिव राजेश कुमार ने देवर्षि नारद के संचार दर्शन पर शोध कार्य शुरू करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, सज्जा और प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।






फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
