दैनिक जागरण प्रतिभा सम्मान समारोह 2026” में उभरती प्रतिभाओं को किया सम्मानित, युवाओं को बताया नए भारत की सबसे बड़ी शक्ति
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल जी ने आज आयोजित “दैनिक जागरण प्रतिभा सम्मान समारोह 2026” में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रतिभा का सम्मान ही विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपुल गोयल जी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि देश की नई ऊर्जा, नई सोच, युवा शक्ति और उज्ज्वल भविष्य का उत्सव है। उन्होंने दैनिक जागरण परिवार को इस प्रेरणादायी पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसकी प्रतिभा होती है। जिस देश में प्रतिभाओं को सम्मान और अवसर मिलता है, वह देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। आज भारत उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। गांवों, कस्बों और छोटे शहरों से निकलकर युवा अपनी मेहनत, नवाचार और कौशल के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहे हैं।
विपुल गोयल जी ने कहा कि आज का भारत केवल डिग्री नहीं, बल्कि क्षमता, कौशल और नवाचार को महत्व देता है। नई शिक्षा नीति, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल India जैसी योजनाओं ने युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा विज्ञान, टेक्नोलॉजी, खेल, रिसर्च, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा कभी सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, उसे केवल सही मंच, अवसर और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। आज देश में उन लोगों को भी सम्मान और पहचान मिल रही है, जिन्होंने वर्षों तक बिना किसी प्रचार और प्रसिद्धि के समाज एवं राष्ट्र के लिए कार्य किया है। यही नए भारत की असली पहचान है।
अपने संबोधन में विपुल गोयल जी ने कर्नाटक की सालूमरदा थिम्मक्का जी का उदाहरण देते हुए कहा कि बेहद साधारण परिस्थितियों से निकलकर उन्होंने हजारों पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। आज पूरा देश उन्हें “वृक्ष माता” के नाम से जानता है। इसी प्रकार एन्के गौड़ा जी जैसे साधारण बस कंडक्टर ने अपने समर्पण और जुनून से देश की सबसे बड़ी निजी लाइब्रेरी स्थापित कर यह साबित किया कि सच्ची प्रतिभा और लगन किसी पहचान की मोहताज नहीं होती।
उन्होंने कहा कि आज देश उन लोगों तक भी सम्मान पहुंचा रहा है, जिन्होंने वर्षों तक बिना किसी अपेक्षा के समाज की सेवा की है। यह बदलते भारत की नई तस्वीर है, जहां सम्मान व्यक्ति की पहचान देखकर नहीं, बल्कि उसके योगदान को देखकर दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विपुल गोयल जी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को महान बनाती है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले सभी विद्यार्थियों की उपलब्धियों के पीछे उनके माता-पिता, शिक्षकों और परिवार का त्याग एवं मार्गदर्शन भी शामिल है।
उन्होंने शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक केवल पढ़ाता नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने का कार्य करता है। वहीं माता-पिता अपने बच्चों के सपनों को पूरा करने के लिए जो त्याग करते हैं, वही उनकी सफलता की सबसे मजबूत नींव बनता है।
विपुल गोयल जी ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भारत आज अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होने वाली है।
उन्होंने कहा कि आज यहां उपस्थित प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता केवल आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास की है। अगर इरादे मजबूत हों, तो छोटी शुरुआत भी बड़े इतिहास लिख सकती है। कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता और प्रतिभा का कोई मुकाबला नहीं होता।
विपुल गोयल जी ने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने नई ताकत के रूप में उभर रहा है और इसका सबसे बड़ा आधार देश का युवा वर्ग है। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान को बदलने की शक्ति भी रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल जी ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने एक बार फिर दैनिक जागरण परिवार को इस भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन के सफल संचालन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा का सम्मान ही विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की सबसे मजबूत नींव है तथा ऐसे आयोजन देश के युवाओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा देते हैं।





फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
