फरीदाबाद।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। फरीदाबाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर लोकतंत्र से खिलवाड़ करने की साजिश अब बेनकाब हो चुकी है। उनका कहना है कि भाजपा का असली चेहरा देश के सामने आ गया है।
सोमवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कौशिक ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण के बहाने परिसीमन का ऐसा जाल बुन रही थी, जिससे राजनीतिक संतुलन बिगाड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपने पक्ष में मोड़ा जा सके। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ छल और संविधान की मूल भावना पर सीधा प्रहार बताया।
कौशिक ने कहा कि संसद में जो बिल गिरा है, वह केवल एक विधेयक का गिरना नहीं, बल्कि भाजपा की साजिशों का ढांचा ढहना है। उन्होंने इसे जागरूक जनता और मजबूत विपक्ष की जीत बताते हुए कहा कि विपक्ष की एकता ने सरकार की मंशा को विफल कर दिया।
उन्होंने मांग उठाई कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के हित में काम करना चाहती है, तो 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को दोबारा प्रभावी ढंग से लागू करे। साथ ही उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू किया जाना चाहिए।
कौशिक ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिलाओं के सम्मान के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती रही है, जबकि जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वास्तविक रूप से महिला हितैषी पार्टी है और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सबसे पहले पंचायती राज में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर इसकी नींव रखी थी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अशोक रावल, जिला उपाध्यक्ष रेनू चौहान, अनिल शर्मा, सुनीता फागना, नरेश शर्मा, बलजीत सिंह अरोड़ा, सरला भामोत्रा और नरेश गोयल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
