बेतिया – भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ज्ञान भारतम् में सहयोग करने वाले बेतिया के विशिष्ट लोगों को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सम्मानित किया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन का संचालन किया जा रहा है। इस मिशन में विभिन्न विषयों से संबंधित पांडुलिपियों को संरक्षित करने की योजना है। इस क्रम में 70 वर्ष से पुरानी पांडुलिपियां सर्वे में शामिल की जा रही हैं।
इस क्रम में बैरिया प्रखंड के सरेया ओझवलिया निवासी प्रभात कुमार झा को पिंजरापोल गौशाला के सचिव सुरेश सिंघानिया और काली बाग निवासी कृष्ण मोहन प्रसाद को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। बात दें कि इन लोगों ने क्रमशः गणपति पूजन विधि, महात्मा गांधी के आगमन से संबंधित अभिलेख और महा भागवत पुराण की हस्तलिखित प्रतियां संरक्षित की है जिसे ज्ञान भारतम् पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने लोगों से अपील की कि उनकी जानकारी में भी यदि ऐसी कोई पांडुलिपि है तो उसे ज्ञान भारतम् पोर्टल पर अपलोड करें या इसकी सूचना प्रशासन को दें। इस मौके पर सहयोगी कार्यकर्ता प्रशांत सौरभ समेत विद्वतजन उपस्थित रहे।




रिपोर्ट-इंद्रमणि कुमार दुबे
लोकेशन-बेतिया
