भिण्डर/उदयपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (आरएसएलएसए) के “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे” अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), उदयपुर के निर्देशानुसार आज दिनांक 09.04.2026 को कैंप कोर्ट भिण्डर के दौरान क्रिएटिव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष विधिक साक्षरता एवं संवेदीकरण शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (कानोड़) श्रीमती मनिता प्रकाश ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को जे.जे. एक्ट, पॉक्सो, पोश एक्ट सहित ‘एम्पावरिंग राजस्थान यूथ’ और ‘स्टे सेफ ऑनलाइन’ जैसे अभियानों के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रत्ति सचेत किया और रालसा व नालसा की लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इस कार्यक्रम की विशेष कड़ी के रूप में विद्यालय में “कोर्ट वाली दीदी” नामक एक सीलबंद शिकायत पेटी स्थापित की गई, जिसे विद्यार्थियों की गोपनीयता सुनिश्चित करने हेतु सीसीटीवी कैमरों की पहुँच से दूर रखा गया है ताकि वे निडर होकर अपनी समस्याओं को साझा कर सकें। गौरतलब है कि यह जागरूकता अभियान सामान्यतः माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होता है, किंतु वर्तमान में चल रहे विशेष जागरूकता सप्ताह के कारण इसे प्रत्येक कार्य दिवस पर आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।




रिपोर्ट केलास तेली भींडर उदयपुर राजस्थान
