प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जनपद के मांधाता थाना क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक खबर को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। वायरल संदेशों में धर्म परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियों का उल्लेख किया जा रहा है, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
इसी क्रम में विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने मांधाता थाना पहुंचकर थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में कहा गया कि यदि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही यह खबर सत्य पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने संगठन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जाएगी। यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है, तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि बिना सत्यापन के किसी भी खबर पर विश्वास न करें और अफवाहों से बचें।
इस दौरान मौके पर विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश प्रिंट मीडिया प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ सूरज कुमार सोनी, भाजपा मांधाता मंडल अध्यक्ष विजय मौर्य, आरएसएस से जुड़े पवन कुमार सिंह, भाजपा मंडल मंत्री जसवंत यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रभाकर राय, जिला मंत्री अंबुज शर्मा, एडवोकेट अविनाश शर्मा, एडवोकेट अभिषेक सिंह, प्रशांत दुबे, निखिल शुक्ला, रमेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू किए जाने के बाद अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

प्रतापगढ़ से ब्यूरो रिपोर्ट
