फरीदाबाद:
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महाराजा अग्रसेन एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए नारी शिक्षा को नए भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिग्री अंत नहीं, बल्कि जीवन की एक नई शुरुआत है, जहां से जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की यात्रा शुरू होती है।
मंत्री ने कहा कि छात्राओं की डिग्री उनके परिश्रम, अभिभावकों के त्याग और गुरुओं के मार्गदर्शन का परिणाम है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगी। उन्होंने नारी शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि एक शिक्षित महिला पूरे समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने की क्षमता रखती है।
विपुल गोयल ने बताया कि देश में उच्च शिक्षा में बेटियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और STEM क्षेत्रों में भी महिलाओं की मजबूत उपस्थिति देश के बदलते स्वरूप को दर्शाती है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए इसे महिलाओं को समान अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और “Nation First, Party Next, Self Last” के मंत्र को अपनाएं।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
