फरीदाबाद की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम फरीदाबाद (MCF) के सफाई निरीक्षकों को 31 नई स्कूटियों का वितरण किया। सेक्टर-16 स्थित सागर सिनेमा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल केवल संसाधन वितरण नहीं, बल्कि स्वच्छ और विकसित फरीदाबाद के निर्माण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता अब जन आंदोलन बन चुका है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी।
उन्होंने कहा कि शहर में कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए बढ़वारी क्षेत्र में स्थापित प्रोसेसिंग प्लांट अहम भूमिका निभा रहा है, जहां कचरे का वैज्ञानिक निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को मजबूत करने से सड़कों और गलियों में गंदगी की समस्या में कमी आई है।
मंत्री ने बताया कि डिजिटल मॉनिटरिंग और नियमित निरीक्षण के जरिए सफाई व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नई स्कूटियों से निरीक्षकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वे तेजी से अपने क्षेत्रों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर सकेंगे।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शहर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे फरीदाबाद को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
विपुल गोयल ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, संयुक्त आयुक्त राजेश प्रजापति और नीरा तोमर सहित कई पार्षद और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *