आगरा में विकास से वंचित हजारों लोग अब बड़ा कदम उठाने को मजबूर हो गए हैं। नगर निगम और ग्राम पंचायत की सीमा विवाद में फंसी कई कॉलोनियों के लोगों ने चुनाव बहिष्कार तक की चेतावनी दे दी है।
मौजा जगनपुर मुस्तकिल क्षेत्र की बसेरा रेजिडेंसी कॉलोनी के निवासी पिछले करीब 20 वर्षों से सड़क, नाली, सीवर, गंगाजल लाइन, बिजली कनेक्शन और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और ग्राम पंचायत की सीमा आज तक स्पष्ट नहीं होने के कारण हर बार विकास कार्य टाल दिए जाते हैं। हजारों लोगों की आबादी आज भी यह नहीं जानती कि अपनी समस्या लेकर किस विभाग के पास जाए। लंबे समय से समस्या का समाधान न होने से कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द संयुक्त सर्वे कर सीमांकन तय नहीं हुआ तो वे आगामी चुनावों के बहिष्कार के लिए मजबूर होंगे। अब सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और बसेरा रेजिडेंसी के लोगों को उनका अधिकार कब मिलेगा।

