नई दिल्ली/चित्तौड़गढ़, 13 मार्च। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने लोकसभा के वर्तमान सत्र के दौरान नियम 377 के अंतर्गत अपने संसदीय क्षेत्र चित्तौड़गढ़ सहित सम्पूर्ण मेवाड़ क्षेत्र के निवासियों की एक महत्वपूर्ण जनसमस्या को सदन के समक्ष प्रमुखता से उठाया।

सांसद जोशी ने बताया कि मेवाड़ क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नियमित रूप से मुंबई तथा दक्षिण भारत के प्रमुख शहर चैन्नई की यात्रा करते हैं। वर्तमान में उदयपुर से मुंबई एवं दक्षिण भारत की ओर सीमित रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, जो एक दिन छोड़कर संचालित होती हैं। इन ट्रेनों में लगातार अधिक वेटिंग रहने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि वर्तमान में अधिकांश रेलगाड़ियां रतलाम मार्ग से होकर संचालित होती हैं, जिससे यात्रा का समय अधिक हो जाता है और मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिल पाती। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उदयपुर-अहमदाबाद रेलखंड अब पूरी तरह से विद्युतिकृत हो चुका है और लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है।

सांसद सीपी जोशी ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि चित्तौड़गढ़ से मुंबई तथा चेन्नई के लिए उदयपुर-अहमदाबाद मार्ग से नई रेल सेवाएं प्रारंभ की जाएं, जिससे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस जो वर्तमान में उदयपुर-आसारवा के बीच संचालित हो रही है, उसे सूरत तक विस्तारित करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के सूरत तक विस्तार से मेवाड़ क्षेत्र के लोगों को व्यापार, उद्योग एवं रोजगार के लिए एक महत्वपूर्ण और तेज रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

सांसद सीपी जोशी ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय मेवाड़ क्षेत्र की जनता की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

रिपोर्ट केलास तेली भींडर उदयपुर राजस्थान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *