
नवदुर्गा मंदिर मैदान में होगा रोमांचक मुकाबला, विजेता टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार *04 अक्टूबर 2026, रविवार पातेकोहरा
। ग्राम पाटेकोहरा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 08 अक्टूबर 2026, गुरुवार को शाम 5:00 बजे ग्राम पाटेकोहरा स्थित नवदुर्गा मंदिर मैदान में होगा।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में खिलाड़ियों और टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये ग्राम पंचायत पाटेकोहरा के सरपंच महेन्द्र चन्द्रवंशी एवं समिति द्वारा प्रदान किया जाएगा। वहीं द्वितीय पुरस्कार 7,000 रुपये सिन्हा ट्रांसपोर्ट के गौतम सिन्हा एवं कृष्णा यादव (सेवानिवृत्त CISF) की ओर से दिया जाएगा।इसी क्रम में तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये देवनारायण (ट्रक बॉडी गैराज) एवं राजकुमार सिन्हा, पाटेकोहरा द्वारा प्रदान किया जाएगा। चतुर्थ पुरस्कार 3,000 रुपये स्व. रोहित ठाकुर (मुसरा वाले) की स्मृति में भोजनारायण ठाकुर द्वारा दिया जाएगा।
इसके साथ ही सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल एवं विनर कप प्रदान किया जाएगा, जो युवा कबड्डी 7 स्टार पाटेकोहरा की ओर से प्रदत्त होंगे।प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं। बेस्ट रेडर, बेस्ट कैचर एवं बेस्ट ऑलराउंडर को 500-500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। ये पुरस्कार स्व. बेदराम यादव की स्मृति में डोमार यादव द्वारा प्रदत्त किए जाएंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के खेलप्रेमियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट : एन के सिन्हा
