बरेली। थाना आंवला पुलिस ने मनौना धाम में दर्शन करने आए श्रद्धालु का मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार रामपुर जनपद के थाना टांडा क्षेत्र के ग्राम लाडपुर वीवी मजरा निवासी अजय सिंह अपनी पत्नी के साथ मनौना धाम दर्शन करने आए थे। दर्शन के दौरान वह एक दुकान पर विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका ओप्पो A53 मोबाइल फोन और 640 रुपये नकद चोरी कर लिए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना आंवला में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की जांच के दौरान दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पहचान होने पर पीड़ित और स्थानीय दुकानदारों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सतेन्द्र पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम कन्थरी, थाना आंवला, बरेली के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया ओप्पो A53 मोबाइल फोन और 640 रुपये नकद बरामद कर लिए गए।
थाना आंवला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहम्मद इशाक द्वारा की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राघव एवं हेड कांस्टेबल कामेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ब्यूरो चीफ:रवि पाण्डेय
लोकेशन:बरेली,उप्र!
