• स्थानीय डीआरडीए सभागार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने चार करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य परियोजनाओं का किया शुभारंभ
  • पंचकुला से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीसी के माध्यम से प्रदेश की करीब 100 करोड़ रुपए की स्वास्थ्य परियोजनाओं किया शुभारंभ व शिलान्यास

भिवानी प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को बेहतर से बेहतर व सस्ती चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार व आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। मंत्री श्री नागर लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में चिकित्सा परियोजनाओं का शुभारंभ के अवसर पर अपना संदेश दे रहे थे। यहां पर मंत्री श्री नागर, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने जिला में चार करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में डीसी साहिल गुप्ता ने मंत्री का स्वागत करते हुए जिला में क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम महेश कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी पंचकुला प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की प्रदेशभर की करीब 100 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का वीसी के माध्यम से पंचकूला से शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण स्थानीय डीआरडीए सभागार में दिखाया गया। इन परियोजनाओं में भिवानी जिले की कुल करीब 4 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से निर्मित तीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और चार ब्लॉक सब हेल्थ सेंटर शामिल हैं। जिले में कैरु, बवानी खेड़ा और लोहारू की पब्लिक हेल्थ यूनिट तथा गोपालवास, नूनसर, बहल और पातवान में नवनिर्मित सब हेल्थ सेंटर का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा जिला को भिवानी स्थित चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत बनाए गए महिला क्लीनिक की सौगात मिली। मंत्री श्री नागर ने जिला भिवानी को मिली नई स्वास्थ्य परियोजनाओं पर जिला के नागरिकों को शुभकामनाएं दी और कहा कि ये परियोजनाएं चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होंगी।
भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सरकार हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित बनाने में हमें अपना योगदान देना है। देश और प्रदेश में संसाधनों की कमी नहीं है। बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि सरकार चिकित्सा और शिक्षा पर पूरा जोर दे रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा व शिक्षा क्षेत्र में निरंतर सुधार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को उनके घर द्वार पर चिकित्सा सुविधाएं मिलें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि नई चिकित्सा परियोजनाओं का लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा हर जिला में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में ना जाना पड़े।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने जिला में चिकित्सा सेवाओं व सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जिला को मिली नई चिकित्सा परियोजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रिषव रंजन, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनीता कत्याल, पीएमओ डॉ. बलवान सिंह व डॉ. आशीष, डीआईओ अमित लांबा, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप प्रजापत व रमेश पचेरवाल के अलावा अनेक चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

भिवानी, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *