बागपत 21 मई 2026—–जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी डग्गामार वाहनों के विरुद्ध प्रभावी एवं नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जो स्कूल संचालक यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं तथा क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ओवरलोड वाहनों का संचालन कर रहे हैं, उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाए। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने ट्रैफिक एवं रोडवेज अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनियमित रूप से बसों को खड़ा न होने दिया जाए, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है तथा जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित वाहन स्टैंडों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले एवं बार-बार अनियमितता करने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सड़क किनारे स्थित विद्यालयों के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए स्कूलों की छुट्टी के समय संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे एवं किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए तथा अवैध स्टैंडों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त जनपद में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने हेतु मल्टी लेवल पार्किंग विकसित किए जाने की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार उपाध्याय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अतुल कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार, पीटीओ संदीप जायसवाल, NHAI के अधिकारी पीड़ी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकेश कटारिया न्यूज रिपोर्टर बड़ौत बागपत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *