सॉफ्ट स्किल्स से सशक्त भविष्य की ओर बढ़ते विद्यार्थी।
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा बीबीए, एफएसबी एवं डिजिटल मार्केटिंग के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनिंग प्रोग्राम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। 20 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुआ यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं पेशेवर कौशल को निखारने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अल्फा माइंड्स के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए विभिन्न इंटरैक्टिव एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए। इनमें कम्युनिकेशन स्किल्स, सेल्फ इंट्रोडक्शन, सीवी बिल्डिंग, इंटरव्यू प्रिपरेशन, ग्रुप डिस्कशन, प्रोफेशनल एटीकेट एवं प्लेसमेंट रेडीनेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आत्मविश्वास क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं पेशेवर दृष्टिकोण को विकसित करने वाली गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस पहल ने विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट संस्कृति को समझने और रोजगारोन्मुख कौशल विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास एवं पेशेवर व्यवहार भी सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रबंधन अध्ययन विभागाध्यक्ष डॉ. मनप्रीत कौर ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, सकारात्मक सोच एवं पेशेवर दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
विभाग की ओर से विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अल्फा माइंड्स के प्रशिक्षकों के सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया गया।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
