18 करोड़ से अधिक धनराशि से जुड़े मामलों में पारित हुए आदेश, 99 परिवारों में कराया गया समझौता

बरेली/जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड स्तर पर वादों का निस्तारण किया गया। लोक अदालत में कुल 2,45,366 मामलों का समझौते के आधार पर निपटारा हुआ, जबकि 18 करोड़ 14 लाख 32 हजार 199 रुपये की धनराशि से संबंधित मामलों में आदेश पारित किए गए।

राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह द्वितीय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों, बीमा कंपनियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

नोडल अधिकारी एवं अपर जनपद न्यायाधीश उमा शंकर कहार ने बताया कि सत्र न्यायालय, दीवानी न्यायालय, फौजदारी न्यायालय और पारिवारिक न्यायालयों में बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। पारिवारिक न्यायालयों में 99 दंपतियों के बीच आपसी समझौता कराकर टूटते परिवारों को फिर से जोड़ने का प्रयास किया गया।

लोक अदालत में पुलिस विभाग से जुड़े 59,572 मामलों और कुल 1,08,309 ई-चालानों का भी निस्तारण किया गया। वहीं बैंक ऋण संबंधी मामलों के लिए गठित 25 विशेष पीठों ने 893 मामलों का निपटारा करते हुए करीब 11 करोड़ 59 लाख रुपये की वसूली कराई।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कारागार के बंदियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने लोक अदालत की सफलता को न्याय व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने मामलों का निस्तारण कराया।

ब्यूरो चीफ:रवि पाण्डेय
लोकेशन:बरेली,उप्र।
मो न. 09897371874

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *