वृषभ, मिथुन लग्न व अभिजीत मुहूर्त में तीनों मंदिरों पर कलश, ध्वजादंडारोहण व ज्ञमूर्ति स्थापना

वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ मेनार, हर-हर महादेव व जय श्रीराम के जयकारों से भक्तिमय बना वातावरण

वल्लभनगर। उपखण्ड क्षेत्र के मेनार गांव में विकावतो की हास एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में ब्रह्म सागर की पावन पाल पर स्थित प्राचीन श्री नीलकंठ महादेव मंदिर, इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर एवं हनुमान नगर खेड़ा स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा एवं धार्मिक महोत्सव शुक्रवार को वैदिक रीति-विधान, मंत्रोच्चार, हवन पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी के साथ श्रद्धा और भक्ति भावपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के सदस्यों द्वारा सभी मेहमान और श्रद्धालुओं के लिए पानी एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
पूरे गांव में सुबह से ही धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। मंदिरों में शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि, वेद मंत्रों के उच्चारण तथा हर-हर महादेव, जय श्रीराम और बजरंगबली की जय के जयघोषों से सम्पूर्ण मेनार भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आचार्य अंबालाल शर्मा, अजय नागदा एवं शंकरलाल चौबीसा के सानिध्य में अलसुबह 4 बजे जागृत देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना के साथ महारुद्र एवं मारुति महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु मंदिर परिसरों में पहुंचने लगे और वैदिक अनुष्ठानों में सहभागी बने। सुबह 8:19 बजे से 10:32 बजे तक वृषभ लग्न के शुभ मुहूर्त में हनुमान नगर खेड़ा स्थित पंचमुखी हनुमानजी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। प्रातः 9:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के बीच पंचमुखी हनुमानजी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके पश्चात मंदिर शिखर पर कलश स्थापना एवं ध्वजादंडारोहण हुआ। भगवान को विशेष राजभोग अर्पित कर महाआरती की गई तथा हवन अनुष्ठान की पूर्णाहुति दी गई। इस पावन अवसर पर मूर्ति स्थापना का लाभ गोपीलाल गदावत परिवार ने लिया। कलश स्थापना का लाभ सोहनलाल पांचावत एवं ध्वजा दण्ड स्थापना का लाभ राधाकिशन रामावत परिवार द्वारा लिया गया।
इसके बाद प्रातः 11:15 बजे मिथुन लग्न में ब्रह्म सागर की पाल पर स्थित इच्छापूर्ण हनुमानजी मंदिर में कलश स्थापना एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। मंदिर में विशेष श्रृंगार कर भगवान को छप्पन भोग स्वरूप राजभोग अर्पित किया गया तथा महाआरती उतारी गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में कलश स्थापना का लाभ कमलाशंकर एकलिंगदासोत एवं ध्वजा दण्ड स्थापना का लाभ सोनू एवं राजेश रामावत परिवार ने लिया।

नवगृह की हुई विधिवत स्थापना महादेव मंदिर पर स्थापित हुआ कलश व ध्वजादंड

इसी क्रम में मंदिर परिसर में नवग्रह स्थापना भी विधिवत सम्पन्न हुई, जिसका लाभ राधेश्याम पुत्र पृथ्वीराज पांचावत परिवार द्वारा लिया गया। वहीं श्री नीलकंठ महादेव मंदिर के गर्भगृह में भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय की मूर्तियों की स्थापना भी वैदिक परंपरा के अनुसार कराई गई। गणेशजी स्थापना का लाभ प्रेमशंकर उदावत तथा कार्तिकेयजी स्थापना का लाभ राधाकिशन एवं कैलाश रामावत परिवार ने प्राप्त किया।
आचार्य अंबालाल शर्मा ने बताया कि दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त एवं मिथुन लग्न में प्राचीन श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पर कलश स्थापना एवं ध्वजारोहण का भव्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक, पूजन एवं राजभोग के बाद महाआरती की गई। महारुद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति देकर विधिवत विसर्जन सम्पन्न हुआ तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में कलश स्थापना का लाभ गणपत एकलिंगदासोत तथा ध्वजा दण्ड स्थापना का लाभ पूर्णाशंकर जोशी परिवार द्वारा लिया गया।
धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात दोपहर 1:30 बजे से श्री अंबामाताजी नोहरा परिसर में विशाल महाप्रसादी का आयोजन शुरू हुआ, जो देर रात 9 बजे तक निरंतर चलता रहा। महाप्रसादी में मेनार सहित रुंडेडा, वाना, बांसड़ा, खरसान, बाठरड़ा खुर्द, मावली डांगियान, भटेवर, विजयपुरा, इंटाली, सालेड़ा, कलवल, रोहिड़ा, फतेहनगर, गवारड़ी, पानेरियों की मादड़ी, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ एवं मालवा क्षेत्र से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। पूरा गांव पांच दिनों तक धर्ममय वातावरण में सराबोर रहा। मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, हवन, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ अधिवक्ता हुक्मीचंद सांगावत, विजयलाल एकलिंगदासोत, पूर्व सरपंच ओंकारलाल भलावत, पूर्व उपसरपंच शंकरलाल मेरावत, प्रभूलाल गदावत, रामलाल, कन्हैयालाल, गोपीलाल गदावत, नाथूलाल, कन्हैयालाल, प्रेमशंकर रामावत, ओमप्रकाश रामावत, , बद्रीलाल, सुन्दरलाल, शांतिलाल, देवीलाल मेरावत, प्रेमशंकर भानावत, रमेश, जगदीश, राजकुमार उदावत, भँवरलाल, विजयलाल, राधाकिशन जोशी, सोहनलाल, राधेश्याम, प्रेम पांचावत सहित समस्त गांव के युवाओं ने व्यवस्थाओ को संभाला।

कार्यक्रम में यह अतिथि रहे उपस्थित

धार्मिक महोत्सव में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, सूरजकुंड के महाराज श्री अवधेशानंद जी, अखिल भारतीय मेनारिया ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज पानेरी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गणपतलाल मेनारिया, समाज के कोषाध्यक्ष ओंकारलाल मेनारिया, वल्लभनगर जॉन मंत्री यशवंत धर्मावत, समाजसेवी अंबालाल मेनारिया, रामलाल मेनारिया, ओमप्रकाश मेनारिया, जगन्नाथ मेनारिया मादड़ी, राधेश्याम मेनारिया, चीरवा, मेनारिया दर्पण न्यास दर्पण के पदाधिकारी लक्ष्मी नारायण मेनारिया, ओंकार लाल मेनारिया,रवि मेनारिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्ट केलास तेली भींडर उदयपुर राजस्थान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *