जनपद आगरा में राष्ट्रीय महत्व के सबसे बड़े अभियान की शुरुआत होने जा रही है। भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत कल 07 मई को कलेक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 बजे से स्व-जनगणना अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों से इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। इस बार जनगणना में पहली बार डिजिटल तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी, तेज और त्रुटिरहित। अब घर बैठे करें अपनी जनगणना, 7 मई से 21 मई तक नागरिक अपने मोबाइल या लैपटॉप से स्व-गणना पोर्टल पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यानी अब गणनाकर्मी के आने का इंतज़ार नहीं, आप खुद बनेंगे अपनी जनगणना के भागीदार। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक गणनाकर्मी घर-घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन और मकान सूचीकरण करेंगे।
इस अभियान में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे और हर घर तक पहुंचकर सटीक डेटा जुटाया जाएगा, ताकि भविष्य की योजनाएं और विकास कार्य सही दिशा में आगे बढ़ सकें। शहर से लेकर गांव तक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, व्यापारी, सामाजिक संगठन और छात्र, सब मिलकर लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करेंगे। पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया और विशेष कार्यक्रमों के जरिए जन-जन तक संदेश पहुंचाया जाएगा ।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी । यह सिर्फ आंकड़ों का काम नहीं, बल्कि देश के भविष्य की योजना बनाने की नींव है। इसलिए सभी नागरिक सही और पूरी जानकारी देकर इस अभियान को सफल बनाएं। तो याद रखिए, 7 से 21 मई: स्व-गणना, 22 मई से 20 जून: घर-घर सर्वे आइए, डिजिटल स्व-गणना अपनाएं और जनगणना 2027 को सफल बनाएं।

