नई दिल्ली। सी.आर. पार्क में 17 अप्रैल को हुए बाप-बेटे के डबल मर्डर के विरोध में विश्व हिन्दू महासंघ ने तारा अपार्टमेंट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत महाराज ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर फाँसी की सजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह घटना कानून-व्यवस्था और समाज की सुरक्षा पर सीधा हमला है, जिससे नागरिकों में भय का माहौल बना है। संगठन ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की भी मांग रखी। चेतावनी दी गई कि जल्द सख्त कार्रवाई न होने पर देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि हमले में 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद की मौत हो गई, जबकि एक रिश्तेदार घायल है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद में आरोपी असद को हिरासत में लेकर जांच जारी है।

