मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ क्षेत्र के ग्राम कवाल से प्रेम विवाह का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक प्रेमी जोड़े ने अपनी मर्जी से विवाह करने के बाद अब अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
निशा का कहना है कि उसने 12 अप्रैल को अजय कुमार के साथ अपनी मर्जी से शादी कर ली है। युवती का आरोप है कि इस अंतर्जातीय विवाह से उसके मायके पक्ष के लोग बेहद नाराज हैं। युवती ‘सैनी’ समाज से है जबकि युवक ‘गड़रिया’ समाज से ताल्लुक रखता है। पीड़िता ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसके परिजनों के साथ-साथ खतौली के पूर्व विधायक विक्रम सैनी भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवती का कहना है कि विधायक जी हमारे रिश्तेदार लगते हैं। उन्होंने साफ कहा है कि अगर तुमने शादी की तो हम तुम दोनों को गोली मार देंगे युवती ने यह भी बताया कि उसके पिता और चाचा (प्रवीण) लगातार उन्हें और उनके ससुराल वालों को प्रताड़ित कर रहे हैं।
नवविवाहित जोड़े का कहना है कि उन्हें अपने परिजनों से अपनी जान का सीधा खतरा है। युवती ने आरोप लगाया कि उसके मायके वाले पुलिस पर दबाव बनाकर उसके पति के परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।
दंपति ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि उन्हें और उनके ससुराल पक्ष को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए ओर धमकी देने वाले नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

रिपोर्ट पंडित जुगनू शर्मा
लोकेशन.. मुजफ्फरनगर जानसठ
