फरीदाबाद पूर्व राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस नेता राज बब्बर ने फरीदाबाद के पूर्व मेयर अशोक अरोड़ा को याद करते हुए उन्हें एक बेहतरीन इंसान और ईमानदार जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि अशोक अरोड़ा ने अपने राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन हमेशा अपनी अलग पहचान बनाई।
वीरवार को राज बब्बर फरीदाबाद में पूर्व मेयर के सुपुत्र भारत अशोक अरोड़ा और उनके परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अशोक अरोड़ा ने शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और यही वजह है कि आज भी लोग उन्हें दिल से याद करते हैं।
राज बब्बर ने बताया कि उनके कार्यकाल में कई अहम कार्य हुए। 20 अगस्त 2010 को हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा रोज गार्डन में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके अलावा वर्ष 2011 में फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी अवॉर्ड दिलाने में भी स्वर्गीय अशोक अरोड़ा की अहम भूमिका रही, जिसे तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से प्राप्त किया गया।
उन्होंने बताया कि 19 अगस्त 2012 को हरियाणा में आयोजित हरियाणा पंजाबी महासम्मेलन में भी अशोक अरोड़ा की प्रमुख भूमिका रही। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यों को गति दी और पंजाबी समाज के उत्थान के लिए भी कई महत्वपूर्ण पहल की।
इस अवसर पर पूर्व मेयर के सुपुत्र भारत अशोक अरोड़ा ने राज बब्बर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार के साथ राज बब्बर के पुराने पारिवारिक संबंध रहे हैं और वे उनके पिता के घनिष्ठ मित्र रहे हैं। इस मुलाकात के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा हुई।
अशोक अरोड़ा को उनके निर्भीक स्वभाव, साफगोई और सहज व्यक्तित्व के लिए आज भी याद किया जाता है और शहर के लोग उनके योगदान को सम्मान के साथ याद करते हैं।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
