शिक्षा ही भविष्य है और हर बच्चे तक शिक्षा पहुँचाने का संकल्प लेकर आज आगरा के कंपोजिट विद्यालय न्यू आगरा से ‘स्कूल चलो अभियान एवं प्रवेश उत्सव’ की भव्य शुरुआत हुई। कार्यक्रम में विधायक जी.एस. धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 1 से 15 अप्रैल और फिर 1 से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा, जिसका लक्ष्य है, हर बच्चे का स्कूल में नामांकन और शिक्षा से कोई भी बच्चा वंचित न रहे।
सरकार द्वारा अब बच्चों की ड्रेस, जूते, मोजे और किताबों के लिए 1200 रुपये सीधे अभिभावकों के खाते में भेजे जा रहे हैं। यह पहल योगी आदित्यनाथ सरकार की शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से अपील की, अपने बच्चों को स्कूल भेजें, क्योंकि शिक्षित बच्चा ही मजबूत राष्ट्र की नींव है, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है, राष्ट्र प्रथम। रैली और एलईडी वैन के माध्यम से पूरे जिले में जागरूकता फैलाने की शुरुआत भी आज से हो गई है। आइए मिलकर संकल्प लें, हर बच्चा स्कूल जाएगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।”

लोकेशन: आगरा, कुनाल गोस्वामी की रिपोर्ट
