नैनीताल। सरोवर नगरी से दूर जनपद नैनीताल के धारी विकासखंड के पहाड़पानी निवासी कमलेश महतोलिया आज आत्मनिर्भर भारत के सशक्त उदाहरण बनकर उभरे हैं।
इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद उन्होंने गुजरात में नौकरी की, लेकिन गांव, माता-पिता और अपनी भूमि से जुड़ाव ने उन्हें वापस अपने गांव लौटने के लिए प्रेरित किया।
गांव लौटकर उन्होंने परंपरागत खेती से अलग हटकर कुछ नया करने का संकल्प लिया। इसी दौरान उन्हें उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत उद्यान विभाग के माध्यम से लगभग 14 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग ने उनके सपनों को साकार करने की मजबूत नींव रखी।
सरकारी सहायता मिलने के बाद कमलेश ने बंजर भूमि को उपजाऊ बनाते हुए फूलों और फलों की आधुनिक खेती शुरू की। प्रारंभ में 10 नाली भूमि से शुरू हुआ उनका प्रयास आज 40 नाली में फैली उन्नत फूलों की खेती में बदल चुका है, जिसमें लिलियम सहित ओरिएंटल और एशियाटिक प्रजातियों के फूल उगाए जा रहे हैं।
उनके द्वारा उत्पादित फूलों की मांग नैनीताल जनपद के साथ-साथ अन्य जनपदों में भी तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही उन्होंने 30 नाली भूमि पर सेब, कीवी और स्ट्रॉबेरी जैसी नगदी फसलों की खेती कर अपने व्यवसाय को और सशक्त बनाया है।
कमलेश महतोलिया की इस पहल ने क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए हैं। आज उनके इस व्यवसाय से 8 से 10 स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार प्राप्त हो रहा है।* सभी खर्चों को निकालने के बाद वे प्रतिमाह लगभग 2 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं, जो उनकी मेहनत और सही मार्गदर्शन का परिणाम है।
कमलेश महतोलिया ने अपनी सफलता का श्रेय उत्तराखंड सरकार की योजनाओं और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व को देते हुए तहे दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार का सहयोग और मार्गदर्शन न मिलता, तो इस स्तर पर व्यवसाय स्थापित कर पाना संभव नहीं होता।
सरकार की पहल बनी आधार:
राज्य सरकार द्वारा स्वरोजगार और कृषि आधारित योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास आज धरातल पर सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। उद्यान विभाग के माध्यम से दी जा रही वित्तीय सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित कर रहा है।
कमलेश की सफलता यह दर्शाती है कि यदि युवा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर नवाचार के साथ कार्य करें, तो वे न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार देकर समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
आने वाले समय में कमलेश अपने व्यवसाय का और विस्तार करने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और विपणन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयासरत हैं।


रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल।
