पिछले करीब चार महीनों से अपने मकानों को बचाने के लिए शांतिपूर्वक धरना दे रहे किसानों के बीच रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय प्रताप सिंह पहुंचे और उनका समर्थन किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जल्द समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि 450 परिवारों को उजड़ने से बचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
विजय प्रताप सिंह ने कहा कि फरीदाबाद में तीन-तीन मंत्री मौजूद हैं और किसानों को उजड़ने नहीं देने का आश्वासन भी दिया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर समाधान नहीं हुआ तो कमेटियां बनाकर शांतिपूर्ण महापंचायत और व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसमें देशभर के कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि वह लगातार किसानों के साथ खड़े रहेंगे और हर सप्ताह धरना स्थल पर पहुंचेंगे। गांव बड़ौली से अपने संबंध का जिक्र करते हुए उन्होंने किसानों के जज्बे को नमन किया। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्यमंत्री राजेश नागर से मुलाकात के दौरान किसानों को न उजाड़ने का आश्वासन मिला था, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो मकानों को तोड़ दिया, जिसे बाद में किसानों की अपील पर रोक दिया गया।
विजय प्रताप ने कांग्रेस शासनकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे कई मामलों में हजारों लोगों को उजड़ने से बचाया गया है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ी तो सार्वजनिक स्तर पर चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।
धरने की अध्यक्षता वीरपाल गुर्जर कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में किसान अपने हक की लड़ाई के लिए लगातार डटे हुए हैं।



फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
