आगरा के सूरजेपुर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में टोरंट पावर की लापरवाही, अब खतरे की घंटी बन चुकी है। गली में खुले पड़े बिजली के तार इतने नीचे लटक रहे हैं कि राह चलते लोगों से टकरा रहे हैं । कहीं तार कटे हुए हैं तो कहीं घरों की बालकनी के अंदर से गुजरती बिजली की लाइन। सोचिए जहां छोटे-छोटे बच्चे इन तारों को पकड़कर खड़े रहते हों, वहां किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। क्या टोरंट पावर किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? क्या किसी की जान जाने के बाद ही विभाग की नींद खुलेगी? बिजली अधिनियम 2003 और सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के सेफ्टी रेगुलेशन के अनुसार—
खुले या लटकते बिजली के तार रखना अपराध की श्रेणी में आता है ।
सार्वजनिक स्थानों पर तारों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है ।
रिहायशी इलाकों में बिना सुरक्षा के बिजली की लाइन ले जाना पूरी तरह नियमों के खिलाफ है ।
इसके बावजूद, सूरजेपुर में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कैमरे पर साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बिजली के तार लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं प्रशासन और टोरंट पावर की लापरवाही यहां साफ नजर आ रही है, अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जब तक टोरंट की तरफ़ से कोई कार्यवाही नहीं होती है तब तक सावधानी बरतें।
खुले बिजली के तारों से दूरी बनाएं
बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें
किसी भी तार को छूने की कोशिश न करें
सवाल साफ है, क्या जिम्मेदार विभाग वक्त रहते जागेगा या फिर किसी बड़ी घटना के बाद ही कार्रवाई होगी?

