फरीदाबाद प्रतिष्ठित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन AISDST–2026 (Advancing AI for Sustainable Development & Strategic Transformation) का प्रथम दिवस 19 मार्च 2026 को सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET), फरीदाबाद में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में देशभर से आए शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की सतत विकास एवं रणनीतिक परिवर्तन में भूमिका पर सार्थक विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. राजीव कुमार, माननीय कुलपति, जे.सी. बोस विश्वविद्यालय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, YMCA, फरीदाबाद उपस्थित रहे। उनके साथ प्रो. वीरेश दत्ता, चेयरमैन, SDIET, सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों—श्री नरेंद्र गोपाल, प्रो. संजीव गोयल, श्री अभिनंदन कुमार पांडेय, श्री नरेश गोस्वामी एवं अधिवक्ता रूप चंद—की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि प्रो. राजीव कुमार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल एक तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि सतत विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार एवं शोध की दिशा में आगे बढ़ते हुए AI का उपयोग पर्यावरण, स्वास्थ्य सेवाओं और स्मार्ट गवर्नेंस जैसी वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों को शिक्षण पद्धति में शामिल करने और शोध-आधारित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बन सकें।
इस अवसर पर चेयरमैन, SDIET प्रो. वीरेश दत्ता ने अपने संदेश में कहा कि आज के युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता परिवर्तन का प्रमुख आधार बन चुकी है और शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे छात्रों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों से भी सशक्त करें। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु एवं नवाचारी बनने तथा शिक्षकों को निरंतर ज्ञानवृद्धि और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस राष्ट्रीय सम्मेलन को ज्ञान-विनिमय, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
सम्मेलन के अंतर्गत उद्योग विशेषज्ञों द्वारा ज्ञानवर्धक मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। श्री सुभोजित भट्टाचार्य ने “The Triple Helix of Innovation: Orchestrating AI for Sustainable Growth and Global Strategy” विषय पर अपने विचार साझा किए, जबकि CA अरिंदम सेन गुप्ता ने “Building Specialized LLMs for Public Systems: Opportunities and Challenges in India” पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, श्री नितिन कुमार ने उभरते AI अनुप्रयोगों पर अपने अनुभव साझा किए, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक दृष्टिकोण प्राप्त हुआ।
तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता डॉ. टीना हसीजा द्वारा कुशलतापूर्वक की गई, जिसमें ऑफलाइन शोध-पत्र प्रस्तुतियों के माध्यम से गहन विचार-विमर्श एवं ज्ञान का आदान-प्रदान हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार द्वारा स्वागत भाषण के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत करते हुए संस्थान की ओर से उत्कृष्ट आतिथ्य प्रदान किया।
AISDST–2026 का प्रथम दिवस अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा, जिसने प्रतिभागियों को नवाचार, शोध एवं सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
