नीलम करवरिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में रविवार को करछना विधानसभा और फाफामऊ विधानसभा की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। केपी कॉलेज मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में करछना ने प्रतापपुर को 10 विकेट से शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में फाफामऊ ने बारा विधानसभा को 55 रन से हराकर प्रतियोगिता में विजयी आगाज किया। करछना की जीत के सूत्रधार विभव कुशवाहा और अर्पित सिंह रहे, जबकि फाफामऊ की जीत में प्रियांशु यादव ने गेंद से अहम भूमिका निभाई।
विभव और अर्पित ने दिलाई एकतरफा जीत
पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रतापपुर विधानसभा की टीम 19.5 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। अभिषेक यादव ने 31 रन, अनुज सिंह परिहार ने 17 और सौरभ त्रिपाठी ने 14 रन बनाए। करछना की ओर से हार्दिक सिंह ने तीन विकेट चटकाए। सज्जाद हुसैन और श्लोक प्रताप सिंह को दो-दो, जबकि कुलदीप मिश्र और अभिषेक मिश्र को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में करछना विधानसभा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 17.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 115 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विभव कुशवाहा ने 52 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए, जबकि अर्पित सिंह ने 52 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 49 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी की बदौलत करछना ने 10 विकेट से जीत हासिल की। मैच के बाद पूर्व खिलाड़ी मो. तारीफ ने विभव कुशवाहा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
प्रियांशु की गेंदबाजी के आगे बारा ने टेके घुटने
दूसरे मुकाबले में फाफामऊ विधानसभा ने बारा को 55 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फाफामऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 115 रन बनाए। गौरव पाठक ने 22, सौरभ प्रताप सिंह ने 19, सिद्धार्थ मिश्र ने 17 और मो. उस्मान ने 13 रन का योगदान दिया। बारा की ओर से सौरभ सिंह ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया। आयुष सिंह ने तीन, अविनाश सिंह ने दो और शिवम यादव ने एक विकेट हासिल किया।
116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारा विधानसभा की टीम फाफामऊ के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी टीम 16.3 ओवर में 60 रन पर सिमट गई। शिवम यादव ने सर्वाधिक 16 रन बनाए। फाफामऊ की ओर से प्रियांशु यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट झटके। मो. उस्मान, गौरव पाठक और आदित्य मौर्य ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि सौरभ शर्मा को एक विकेट मिला। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए प्रियांशु यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूर्व खिलाड़ी गिरधारी मिश्र ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।
आयोजन सचिव ने किया अतिथियों का स्वागत
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सक्षम करवरिया ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संदीप करवरिया, सुयश शर्मा, सोमेश्वर पांडेय, परवेज आलम, अजय कुशवाहा व मुकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
पहले मुकाबले में धीरज अवस्थी व मो. आरिफ ने और दूसरे मुकाबले में राहुल सिंह व अरुण कुमार ने अंपायरिंग की। दोनों मुकाबलों में प्रितेश सोनकर और अंकित पांडेय ने स्कोरिंग की।
प्रतियोगिता में सोमवार को फूलपुर विधानसभा व कोरांव विधानसभा के बीच पहला मैच सुबह आठ बजे और दूसरा मैच शहर दक्षिणी व सोरांव विधानसभा के बीच दोपहर 12 बजे से खेला जाएगा।






प्रयागराज
सुशांत त्रिपाठी
