माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलर बैज से किया गया सम्मानित

21 नवंबर 2026
एन. आर. ग्लोबल स्कूल, गुलावठी में शनिवार को शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य ‘मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के विधिवत पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के चेयरमैन मंगल सिंह चपराना, डायरेक्टर डॉ. विनय कुमार एवं प्रधानाचार्या डॉ. आरती चपराना ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर ज्ञान एवं विद्या की अधिष्ठात्री देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा भावपूर्ण सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक बना दिया। विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, ज्ञान और शिक्षा के महत्व को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण कक्षा 1 से 8 तक के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। जिन विद्यार्थियों ने अपनी वार्षिक परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए, उन्हें स्कॉलर बैज एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक रहा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में रश्मि मैम, अनु मैम, स्नेहा मैम, मोनिका मैम, रुचि मैम, हीना मैम तथा विशाल सर का विशेष मार्गदर्शन एवं योगदान रहा।

इस अवसर पर चेयरमैन मंगल सिंह चपराना ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और अच्छे संस्कार ही सफलता की वास्तविक नींव हैं। डायरेक्टर डॉ. विनय कुमार ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि माँ सरस्वती का पूजन हमें ज्ञान के प्रति समर्पण और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा देता है।

प्रधानाचार्या डॉ. आरती चपराना ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता केवल उसे पहचानने, निखारने और सही दिशा देने की है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण एवं विद्यार्थियों की मेहनत की भी सराहना की।

समारोह का समापन उत्साह एवं गौरवपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्ट —राजीव अग्रवाल
लोकेशन–गुलावठी बुलंदशहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *