बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार, 29 सितंबर से शुरू हो गई। चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होने के साथ ही बरेली मंडलायुक्त कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नामांकन केंद्र के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से छह अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान प्रत्याशी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि नौ अक्टूबर को दोपहर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। वर्तमान में करीब 46 हजार मतदाता सूची में दर्ज हैं। चुनाव तक मतदाताओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
चुनाव मैदान में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशियों के भी उतरने की संभावना है। प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

बरेली

अमित कुमार कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *