हयातनगर से दिल्ली | भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के पावन पर्व भाई दूज पर इस बार एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। जानी-मानी समाजसेविका दीपा वार्ष्णेय के बड़े भाई दिल्ली में होने और किन्हीं जरूरी कारणों से भाई दूज पर घर नहीं आ सके, लेकिन भाई-बहन के स्नेह के बीच हयातनगर से दिल्ली की यह दूरी दीवार नहीं बन पाई। दीपा वार्ष्णेय ने परंपरा और आधुनिकता का अनूठा समन्वय दिखाते हुए दूज के पावन अवसर पर अपने भाई का ऑनलाइन तिलक किया।
वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़े भाई को रोली-अक्षत का टीका लगाकर और उनकी लंबी उम्र की कामना करते हुए दीपा ने यह साबित कर दिया कि भावनाएं और रिश्ते किसी भौतिक दूरी के मोहताज नहीं होते। हयातनगर से भेजी गई बहन की शुभकामनाओं और दुआओं को भाई ने भी स्क्रीन पर ही स्वीकार किया और इस वर्चुअल रस्म ने दोनों को भावनात्मक रूप से बेहद करीब ला दिया।
इस आधुनिक पहल पर चर्चा करते हुए समाजसेविका दीपा वार्ष्णेय ने कहा, “भाई-बहन का रिश्ता सिर्फ एक दिन या एक छत के नीचे मिलने तक सीमित नहीं है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तकनीक ने हयातनगर से दिल्ली की दूरियों को भी कम कर दिया है। भाई का स्वास्थ्य और उसकी सफलता ही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है, और दूज की रस्म मन से निभाई जाए तो माध्यम कोई भी हो सकता है।”
यह वाकया आज की युवा पीढ़ी और भाई-बहन के रिश्तों के लिए एक प्रेरणा है, जो यह संदेश देता है कि त्योहारों की असल भावना आपसी प्रेम और जुड़ाव में निहित है।

रिपोर्ट उमेश गुप्ता
लोकेशन संभल
