शहीद भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए राष्ट्रभक्ति और त्याग की प्रेरणा : मीनू रस्तोगी
हिंदू जागृति मंच द्वारा हल्लू सराय स्थित भगत सिंह पार्क में महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद सरदार भगत सिंह की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर हिंदू जागृति महिला मंच की जिला अध्यक्ष मीनू रस्तोगी ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग की मिसाल है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। भगत सिंह का जीवन और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्य अतिथि अनंत कुमार अग्रवाल ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने अल्पायु में ही राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की भावना जागृत करने वाला है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महान क्रांतिकारियों के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए।
मंच के संरक्षक सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि शहीदों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और राष्ट्रभक्ति के संदेश को समाज एवं युवा पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। हिंदू जागृति मंच सदैव ऐसे महान पुरुषों और क्रांतिकारियों की जयंती मनाता रहता है ताकि समाज सदैव ऐसे महान क्रांतिकारियों को स्मरण करता रहे और युवा पीढ़ी ऐसे वीर महान, बलिदानियों का चरित्र अपने जीवन में आत्मसात करता रहे।
प्रदेश महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता, नगर अध्यक्ष उमेश सैनी, गिरीश चंद्र गुप्ता, दुर्वेश सैनी,सुबोध कुमार, अजय कुमार शर्मा, विकास कुमार वर्मा, सुबोध शर्मा आदि वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस दौरान हिंदू जागृति मंच के सभी कार्यकर्ताओं ने सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके नमन किया। संचालन मुकेश सैनी ने किया।


रिपोर्ट।उमेश गुप्ता
लोकेशन ।संभल
