पॉश एक्ट, महिला सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरन्तर सेवाकाल के उपलक्ष्य में जनपद बरेली में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आज “सेवा मेरा योगदान” के तहत महिला कल्याण विभाग द्वारा साहू रामस्वरूप डिग्री कॉलेज, बरेली में महिला सशक्तिकरण एवं जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रिंकी सैनी ने पॉश एक्ट पर विशेष कार्यशाला आयोजित की। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं शिकायतों के निवारण के लिए बनाया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaints Committee) का गठन किया जाता है, जहां पीड़ित महिला गोपनीय रूप से शिकायत दर्ज करा सकती है। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों, शिकायत प्रक्रिया तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल के महत्व की जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पति की मृत्युपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर तथा 181 महिला हेल्पलाइन की सेवाओं एवं पात्रता के बारे में अवगत कराया गया। बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा, विधिक, मनोसामाजिक परामर्श एवं अस्थायी आश्रय जैसी समेकित सेवाएं उपलब्ध कराता है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर उत्पीड़न, कार्यस्थल पर अधिकारों तथा विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। महिला कल्याण विभाग ने अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पति की मृत्युपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर तथा 181 महिला हेल्पलाइन की सेवाओं एवं उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण योजनाओं के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण,छात्राएँ एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






बरेली
अमित कुमार कश्यप
