ग्रामीण जल जीवन मिशन में कार्यरत पम्प ऑपरेटरों ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने और मासिक मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये किए जाने की मांग की है। इस संबंध में अमित कुमार, यशपाल, सुरजीत सिंह और विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में एडीएम सिटी को सौंपा गया।
पम्प ऑपरेटरों ने बताया कि वे ग्रामीण जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकियों और पेयजल योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रतिदिन पम्प व मोटर चलाने, पानी की आपूर्ति, उपकरणों की देखरेख तथा ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य उनके जिम्मे है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वे एनसीसी कंपनी के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कार्य की जिम्मेदारी और तकनीकी प्रकृति के अनुरूप वेतन व सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।
ज्ञापन में वर्तमान पम्प ऑपरेटरों को नियमानुसार आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने, 20 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित करने तथा पीएफ, ईएसआई, दुर्घटना बीमा और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग की गई। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश, वैधानिक छुट्टियां, सुरक्षा उपकरण, पहचान-पत्र और सेवा संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
ज्ञापन के दौरान उमाशंकर, शिवम सिंह , वीरपाल, अमित , महेंद्र , हारून खान , ज्ञान चंद , खेमकरन , शंकर , प्रेम किशोर , सरताज, शिवकुमार , ब्रजेश कुमार , राजीव , प्रमोद कुमार शर्मा , मुकेश कुमार , बब्बू आदि मौजूद रहे।


अमित कुमार कश्यप
बरेली
