भगवान बलराम जी के दर्शन कर विधायक अमित अग्रवाल ने की क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता की मंगलकामना
बलदेव छठ के पावन अवसर पर मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र के सदर स्थित सुप्रसिद्ध श्री बल्लेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ भव्य छप्पन भोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेरठ कैंट विधायक श्री अमित अग्रवाल जी ने सहभागिता की और भगवान बलराम जी, भगवान श्री जगन्नाथ जी एवं माता सुभद्रा जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मुख्य अतिथि विधायक श्री अमित अग्रवाल जी ने मंदिर पहुंचकर सर्वप्रथम भगवान बलराम जी (दाऊ जी), भगवान श्री जगन्नाथ जी एवं माता सुभद्रा जी के दर्शन किए। उन्होंने भगवान को छप्पन भोग एवं महाप्रसाद अर्पित किया, माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक श्री अमित अग्रवाल जी ने कहा कि बलदेव छठ भगवान बलराम जी की आराधना का पावन पर्व है, जो हमारी सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा हुआ है। भगवान बलराम जी शक्ति, पराक्रम, धर्म और लोककल्याण के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में पर्व और धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। मंदिरों में होने वाले ऐसे आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से परिचित कराने का माध्यम भी हैं। छप्पन भोग भगवान के प्रति भक्तों की श्रद्धा और समर्पण की सुंदर अभिव्यक्ति है।
विधायक ने कहा कि श्री बल्लेश्वर नाथ मंदिर मेरठ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे पावन अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का एकत्र होना क्षेत्र की धार्मिक चेतना और सनातन परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को बलदेव छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बलराम जी की कृपा समस्त मेरठवासियों एवं क्षेत्रवासियों पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता का वास हो।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा ‘जय श्रीकृष्ण’, ‘जय दाऊ दयाल’ और ‘भगवान बलराम जी की जय’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर छप्पन भोग एवं महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मेरठ के महापौर श्री हरिकांत अहलूवालिया जी, विधान परिषद सदस्य श्री धर्मेंद्र भारद्वाज जी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण, मंदिर समिति के पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं भक्तजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री अमित अग्रवाल जी ने श्रद्धालुओं एवं मंदिर समिति के सदस्यों से भी मुलाकात की और धार्मिक आयोजन के सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं।
बलदेव छठ के इस पावन अवसर पर श्री बल्लेश्वर नाथ मंदिर में आयोजित छप्पन भोग कार्यक्रम ने धर्म, आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।


मेरठ
सुशील रस्तोगी
