23 जुलाई 2026 शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के तहत महापौर मधुसूदन यादव ने निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, जनप्रतिनिधियों तथा नगर निगम अधिकारियों के साथ यातायात नगर जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नगर के शेष भूखंडों का प्रीमियम निर्धारण शीघ्र करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माणाधीन उद्यान का अवलोकन कर कहा कि पार्क में नागरिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने बताया कि यातायात नगर लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिसके जीर्णोद्धार के लिए शासन से स्वीकृति एवं बजट प्राप्त होने के बाद कार्य प्रारंभ किया गया है।जीर्णोद्धार योजना के तहत सड़कों की मरम्मत एवं डामरीकरण, नालियों का निर्माण, पार्किंग स्थल का विकास, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, हाईमास्ट लाइट की स्थापना, सामुदायिक भवन, शौचालय तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।महापौर ने प्रवेश एवं निकास द्वार पर गार्ड रूम निर्माण, जलभराव वाले क्षेत्रों का समतलीकरण कर पेवर ब्लॉक लगाने तथा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत निर्मित दुकानों के आसपास सीमेंट कंक्रीट कार्य, डिवाइडर निर्माण एवं सड़क किनारे रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप यातायात नगर को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान महापौर ने व्यावसायिक परिसर, धर्मकांटा, कोल्ड स्टोरेज एवं पेट्रोल पंप निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थलों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक ले-आउट तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही ठेकेदार को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यक संसाधन बढ़ाने को कहा।नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से कराए जाएं तथा गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, मासिक समीक्षा तथा उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।महापौर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नगर के आवंटित भूखंडों के हितग्राहियों से शेष प्रीमियम राशि जमा कराने तथा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत निर्मित दुकानों के आवंटियों से अनुबंध कर किराया जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए जाएं।निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्रभारी सहायक अभियंता सुषमा साहू, गरिमा वर्मा, राजस्व अधिकारी मोबिन अली, सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : एन. के. सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *