कार्यों में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर कार्रवाई।

बेतिया। जिला प्रशासन ने राजस्व कार्यों में लापरवाही, लगातार अनधिकृत अनुपस्थिति एवं पदाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए मझौलिया अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी प्रदीप कुमार मिश्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
ज्ञातव्य हो कि 05 जून को आयोजित राजस्व संबंधी समीक्षात्मक बैठक में मिश्र अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि उनके आवंटित हल्का में दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित राजस्व से संबंधित अधिकांश मामले निर्धारित समय सीमा के बाद भी लंबित हैं और कार्यों की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक है।
अंचल अधिकारी, मझौलिया ने भी प्रतिवेदित किया कि प्रदीप कुमार मिश्रा प्रायः बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, जिसके कारण जमाबंदी संशोधन, आधार सीडिंग, सरकारी भूमि सत्यापन, लगान अद्यतीकरण, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम से जुड़े मामलों के निष्पादन और सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निपटारे जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही उनके द्वारा बार-बार स्पष्टीकरण मांगने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया गया तथा वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना की जाती रही।
उक्त के आलोक में जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने उनके आचरण को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के प्रावधानों के प्रतिकूल मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला राजस्व शाखा, बेतिया निर्धारित किया गया है तथा नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता का भुगतान मुख्यालय में प्रतिदिन की वास्तविक उपस्थिति के आधार पर किया जाएगा। वहीं अंचल अधिकारी, मझौलिया को निर्देश दिया गया है कि एक पक्ष के भीतर आरोप-पत्र गठित कर अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

रिपोर्ट-इंद्रमणि कुमार
लोकेशन -बेतिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *