कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, विपक्षी दलों से समर्थन की अपील
फरीदाबाद सालों से बसे गरीब परिवारों को उजाड़ने के विरोध में नेहरू कॉलोनी संघर्ष समिति के तत्वावधान में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। लोगों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस सरकार को उन्होंने चुना, वही अब उनके आशियाने उजाड़ने पर तुली हुई है। भीषण गर्मी के बीच गरीब परिवारों को बेघर किए जाने का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।
संघर्ष समिति के आह्वान पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप, जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, मोहसीन खान और इशांत कथूरिया समेत कई नेता नेहरू कॉलोनी पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। लोगों ने नेताओं को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि चुनाव के समय भाजपा नेताओं ने झुग्गियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन अब उन्हीं गरीबों को उजाड़ा जा रहा है।
नेहरू कॉलोनी संघर्ष समिति ने कहा कि यह केवल एक कॉलोनी की लड़ाई नहीं है। आज नेहरू कॉलोनी पर बुलडोजर चल रहा है, कल आदर्श कॉलोनी, राहुल कॉलोनी, कल्याणपुरी झुग्गी, दयाल नगर, एसी नगर सहित अन्य कई बस्तियों की बारी आ सकती है। समिति ने सभी स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से एकजुट होने की अपील की।
समिति ने रविवार को होने वाले विशाल धरने में सभी विपक्षी दलों से शामिल होने का आह्वान किया है। समिति का कहना है कि आनंगपुर की तर्ज पर यहां भी आंदोलन को संगठित किया जाएगा और देशभर के नेताओं को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस नेता विजय प्रताप ने कहा कि यह गरीब और मजदूर वर्ग की लड़ाई है और कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से विस्थापित होकर आए लोगों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय यहां बसाया गया था। कांग्रेस ने हमेशा लोगों को बसाने का काम किया है, जबकि वर्तमान सरकार गरीबों को उजाड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह जमीन यहां रहने वाले लोगों की है और किसी भी कीमत पर उनके अधिकार छीने नहीं जाने दिए जाएंगे। रविवार सुबह 9 बजे से धरने के दौरान आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
