रेल फाटक की परेशानी से मिलेगी राहत, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास को लगेगा पंख।
फरीदाबाद।
दिल्ली-कलकत्ता रेलवे लाइन पर अंग्रेजों के समय बने मुजेसर रेलवे फाटक की समस्या से जल्द ही लोगों को निजात मिलने वाली है। बहुप्रतीक्षित मुजेसर अंडरपास निर्माण कार्य अब तेजी पकड़ता नजर आ रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर एवं विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा द्वारा जल्द ही भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।
इसी कड़ी में विधायक पंडित मूलचंद शर्मा के बड़े भाई एवं भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा ने मंगलवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
टिपरचंद शर्मा ने बताया कि अंडरपास निर्माण में बाधा बन रहे मकानों और झुग्गियों को हटा दिया गया है। साथ ही पानी एवं गैस पाइपलाइन को शिफ्ट करने का कार्य भी तेजी से चल रहा है, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि यह अंडरपास बनने से सेक्टर-24, 25, 22, 23, 55, 56 सहित मुजेसर औद्योगिक क्षेत्र के लाखों लोगों को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी। लंबे समय से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस परियोजना से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
इस मौके पर स्थानीय निवासी, उद्योगपति एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
