बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस विभाग में अनुशासन,पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तीन उपनिरीक्षकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।अलग-अलग मामलों में सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन,अवैध हिरासत और महिला संबंधी प्रकरण में लापरवाही सामने आने पर एक उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर,जबकि दो उपनिरीक्षकों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों में लापरवाही, संवेदनशील मामलों में उदासीनता अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पहला मामला सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया कि इंस्टाग्राम आईडी “si_shubh_thakur” से सोशल मीडिया पॉलिसी के विपरीत पोस्ट की गई थी।जांच में उक्त आईडी थाना फरीदपुर में तैनात उप निरीक्षक शुभम सोम की पाई गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई कर उपनिरीक्षक शुभम सोम को पुलिस लाइन स्थानांतरित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही मामले की प्रारंभिक जांच भी शुरू करा दी गई है।जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दूसरा मामला थाना प्रेमनगर से जुड़ा है, जहां तैनात उप निरीक्षक ना.पु. शुभम चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्राम कंकरी थाना भमोरा निवासी राहुल शंखधार ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि 22 मई 2026 को उपनिरीक्षक ने उन्हें अवैध रूप से हिरासत में रखा, मारपीट की और 50 हजार रुपये लेकर सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने के बाद छोड़ा। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उपनिरीक्षक शुभम चौधरी को निलंबित कर दिया। मामले में निष्पक्ष और गहन प्रारंभिक जांच कराई जा रही है।
तीसरा मामला महिला संबंधी शिकायत में लापरवाही का सामने आया। 21 मई 2026 को एक महिला द्वारा चौकी रिठौरा पर शादी समारोह के दौरान मोबाइल तोड़ने, छेड़खानी और पीछा करने की शिकायत दी गई थी। मामले की जांच थाना हाफिजगंज में तैनात उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह को सौंपी गई थी। आरोप है कि महिला संबंधी गंभीर शिकायत होने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में लापरवाही बरती गई। पीड़िता को न्याय के लिए उच्चाधिकारियों के सामने उपस्थित होना पड़ा। प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने उपनिरीक्षक चन्द्रपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में पुलिसिंग को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। संवेदनशील मामलों में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

ब्यूरो चीफ:रवि पाण्डेय
बरेली।
