बागपत, 25 मई 2026—
जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर गंगनौली में कट की मांग के संबंध में किसानों के साथ बैठक कर वार्ता की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान किसानों ने गांगनौली में कट दिए जाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों की मांग से संबंधित प्रस्ताव क्षेत्रीय अधिकारी स्तर पर अग्रसारित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि सुरक्षा की दृष्टि से अनधिकृत एवं गलत तरीके से बनाए गए कट का प्रयोग बिल्कुल न करें।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों की मांग से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर आगे भेजा जाएगा तथा प्रस्ताव की प्रति किसानों को भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचने के लिए अस्थाई एवं टेंपरेरी रूप से बने कट का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग एवं सुझावों को प्रस्ताव के माध्यम से आगे प्रेषित किया जाएगा। भविष्य में गंगनौली में कट मिलने से क्षेत्रवासियों को लाभ प्राप्त होगा, इसलिए किसान धैर्य बनाए रखें तथा संबंधित स्थल पर धरना या बैठने से परहेज करें।
बैठक में प्रशासन द्वारा किसानों को उनकी मांगों के समाधान हेतु नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
इस अवसर पर किसान यूनियन जिला अध्यक्ष प्रताप गुर्जर, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, सीईओ बड़ौत अंशु जैन सहित आदि अधिकारी व किसान नेता उपस्थित रहे ।
सूचना विभाग बागपत




लोकेश कटारिया न्यूज रिपोर्टर बड़ौत बागपत
