बरेली/पूर्व समाजवादी पार्टी से मंत्री भगवत शरण गंगवार के नेतृत्व में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और गन्ना किसानों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शहर के चौकी चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, बंद पड़ी चीनी मिल शुरू कराने और ग्रामीण समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरने के दौरान पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नवाबगंज और बहेड़ी क्षेत्र के हजारों गन्ना किसान लंबे समय से भुगतान न मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। आरोप लगाया कि ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड पर किसानों का करीब 72 करोड़ रुपये बकाया है, जबकि बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। समय पर भुगतान न होने से किसानों के सामने खेती-किसानी का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और खेती के लिए खाद-बीज की व्यवस्था तक प्रभावित हो रही है।
बंद पड़ी नवाबगंज चीनी मिल शुरू कराने की मांग
धरने में किसानों ने बंद पड़ी नवाबगंज चीनी मिल को दोबारा चालू कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। किसानों का कहना था कि मिल बंद होने के कारण उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए दूसरे क्षेत्रों की चीनी मिलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। किसानों ने कहा कि यदि जल्द मिल शुरू नहीं कराई गई तो क्षेत्र के हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति और खराब हो जाएगी।
छुट्टा पशुओं से फसलें बर्बाद होने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भी प्रशासन को घेरा। किसानों का कहना था कि छुट्टा पशु खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि किसानों को रातभर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
राशन, गैस और सड़कों की बदहाली पर भी उठी आवाज
सपा नेताओं ने ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य समस्याओं को भी शामिल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई गांवों में रसोई गैस की सप्लाई अनियमित है, जबकि राशन वितरण में भ्रष्टाचार और गरीबों से अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसके अलावा पेयजल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने और सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन में सपा जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, शमीम अहमद, प्रदीप, संजीव यादव, योगेश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।

संवाददाता:रवि पाण्डेय
लोकेशन:बरेली,उप्र।
मो न. 09897371874
