फरीदाबाद।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-16 फरीदाबाद में एम3एम फाउंडेशन के ‘लक्ष्य’ कार्यक्रम के अंतर्गत आधुनिक खेल मैदानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर फुटबॉल, बैडमिंटन और बास्केटबॉल के लिए विकसित इन सुविधाओं को युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि “खेल संस्कृति का संकल्प, युवा शक्ति का उत्कर्ष” सरकार की प्राथमिक सोच है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल मैदान न केवल युवाओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करते हैं, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इससे युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि सेक्टर-16 सहित पूरे वार्ड में तेजी से विकास हो रहा है। रोड वाइडनिंग पर करीब 2 करोड़ रुपये, पार्कों के जीर्णोद्धार और वॉकिंग ट्रैक निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपये, जबकि अन्य विकास कार्यों पर करीब 7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि फरीदाबाद तेजी से एक आधुनिक शहर के रूप में उभर रहा है और भविष्य में ग्लोबल सिटी बनने की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने आगे कहा कि शहर में हरियाली का विस्तार, बेहतर सड़कें और सुव्यवस्थित पार्क सरकार के सतत प्रयासों का परिणाम हैं। सरकार का लक्ष्य केवल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है।
इस मौके पर मेयर प्रवीण बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *