फरीदाबाद।
हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने अपने निवास पर खुले दरबार का आयोजन कर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे, जिससे जनसुनवाई का माहौल सक्रिय और समाधान-केंद्रित नजर आया।
खुले दरबार में सेक्टर-37 के नागरिकों ने क्षेत्र के अंदर जाने वाले रास्ते को बंद रखने, नए ट्यूबवेल लगाने, पानी की सप्लाई का समय बढ़ाकर 3 घंटे करने तथा एमसीएफ कार्यालय में बने अंडरग्राउंड वॉटर टैंक की लीकेज की समस्या को दूर करने की मांग उठाई। मंत्री ने इन सभी मुद्दों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं बीपीटीपी पार्क एलीट फ्लोर्स के निवासियों ने मुख्य चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, लाल बत्ती लगाने और व्यस्त समय में लगने वाले जाम से राहत दिलाने की मांग रखी। मंत्री राजेश नागर ने इस विषय पर भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देते हुए नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 44 के गांव मलेरना के निवासियों ने डीटीपी द्वारा अवैध करार दिए गए 50-60 मकानों को लेकर चिंता जताई और कॉलोनी को नियमित करने की मांग की। मंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर सकारात्मक समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार जनहित के कार्यों के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और हर नागरिक की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
खुले दरबार के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की इस पहल से क्षेत्र में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।





फरीदाबाद, हरियाणा।
मोहित सक्सेना।
