पुलिस अधीक्षक सम्भल के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी यातायात श्रीमती स्तुति सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी यातायात निरीक्षक श्री दुष्यंत बालियान के नेतृत्व में यातायात माह नवम्बर के अंतर्गत जनपद में निरंतर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में यातायात ड्यूटी के दौरान मुख्य आरक्षी सोनू कुमार एवं सचिन कुमार ने अनूठे अंदाज में लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। दोनों पुलिसकर्मी स्वयं हेलमेट पहनकर वाहन चालकों एवं राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते नजर आए। हेलमेट पहनकर जागरूकता संदेश देने की इस पहल ने राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें हेलमेट के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। हेलमेट दुर्घटना के समय सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका को कम करता है। इसके साथ ही वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी गई। यातायात नियमों संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
पैदल राहगीरों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, फुटपाथ का उपयोग करने तथा सड़क पर चलते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई। जागरूकता अभियान के दौरान उपस्थित वाहन चालकों एवं राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
यातायात पुलिस ने संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की रोजमर्रा की आदत बने। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की जिंदगी सुरक्षित बनाएं।




रिपोर्ट उमेश गुप्ता
लोकेशन संभल
