थाना चंदौसी क्षेत्र में बदायूं चुंगी के पास हुए सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार दोस्त भी घायल हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
गणेश कॉलोनी निवासी आशीष मैकडोनल पुत्र संजय मैकडोनल उम्र करीब 24 वर्ष अपने दोस्त हर्ष कुमार के साथ अपाचे बाइक से किसी काम के सिलसिले में घर से मंडी बाईपास की ओर जा रहा था। बताया गया कि बदायूं चुंगी स्थित रेलवे ट्रेनिंग कॉलेज के गेट के पास उनकी बाइक की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य बुलेट बाइक सवार की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए विश्वकर्मा अस्पताल चंदौसी में भर्ती कराया गया। आशीष की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान आशीष की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार आशीष पढ़ाई में होनहार था। वह दो बार नीट परीक्षा दे चुका था, लेकिन दोनों बार परीक्षा रद्द हो जाने के कारण उसका प्रयास सफल नहीं हो सका। तीसरी बार उसने नीट परीक्षा दी थी, जिसमें उसका चयन हो गया था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।
बताया गया कि आशीष की मां अलका मैकडोनल का वर्ष 2024 में ब्रेन हैमरेज के चलते निधन हो गया था। पिता संजय मैक्डोनल एक साल पहले पैरालाइज हो चुके हैं अब सड़क हादसे में आशीष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

रिपोर्ट.. अशोक कुमार

लोकेशन.. चंदौसी संभल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *