बच्चों की भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आवासीय व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने आज चंदौसी की गणेश कॉलोनी स्थित मानसिक मंदित एवं मानसिक रूप से रुग्ण निराश्रित दिव्यांगजनों हेतु आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संस्था सर्वहित संस्थान के स्टाफ के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया तथा आश्रय गृह में रह रहे बच्चों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने बच्चों को साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है अथवा नहीं, इसकी जानकारी लेते हुए रसोईघर का निरीक्षण किया तथा मसालों एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उपलब्धता को देखा। उन्होंने बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं की उपलब्धता तथा प्रशिक्षण की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकासखंड बनियाखेड़ा के ग्राम रत्नपुर खुर्द स्थित के.एस.जे. हाईस्कूल दिव्यांगजनों के लिए आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में पंजीकृत छात्रों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय में दृष्टिबाधित तथा श्रवण एवं वाक् दिव्यांग बच्चे अध्ययनरत पाए गए। जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधा, दवाओं की उपलब्धता तथा खान-पान की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने रसोईघर में मसालों एवं अन्य खाद्य सामग्री का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पेयजल की उचित व्यवस्था के लिए आरओ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की संख्या एवं शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था तथा आवासीय विद्यालय भवन से संबंधित मानकों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मानसिक मंदता आश्रय गृह एवं दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित आवासीय विद्यालय के संबंध में शासनादेश के अनुसार आवश्यक आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप आशुतोष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट.. अशोक कुमार

लोकेशन.. संभल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *