नगर के केसर इंटर कॉलेज बहेड़ी में 11वें आयुर्वेद दिवस का आयोजन
केसर इको क्लब द्वारा स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद थीम पर भगवान धनवंतरी को पुष्पांजलि करके प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ विनय कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को बताया कि आजकल तेज रफ्तार जीवन शैली में अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव और अधिक स्क्रीन समय जैसी आदतें स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं । ऐसे में आयुर्वेद की दिनचर्या संतुलित आहार ,पर्याप्त नींद और योग जैसे सिद्धांत उपयोगी जीवन का संदेश देते हैं। विद्यालय के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त राष्ट्रीय विज्ञान संचारक प्रधानाचार्य डॉ रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि भारतीय परंपरा में नीम, हल्दी, तुलसी, अदरक जैसी अनेक वनस्पतियों का प्रयोग सदियों से होता रहा है । पहले धनतेरस को आयुर्वेद दिवस मनाया जाता था परंतु विश्व स्तर पर मनाने के लिए भारत सरकार ने 23 सितंबर का दिन शरद विषुव को निश्चित किया जो मन और शरीर के बीच संतुलन का प्रतीक है। केसर इको क्लब प्रभारी प्रिय इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में आरोग्य वाटिका होनी चाहिए जिससे औषधीय पौधों से छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण औषधियों की वैज्ञानिक जानकारी रहे। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य चंद्रभानु सिंह ने किया और रसोई में प्रयोग आने वाले मसालों की स्वास्थ्यवर्धक जानकारी दी। प्रवक्ता सत्यवीर ने क्विज प्रतियोगिता और कला शिक्षक जेपी वर्मा ने पोस्टर प्रतियोगिता कराई। विजयी छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य और मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर प्रमाण पत्र दिया। संकल्प सेवा अभियान के अंतर्गत विद्यालय में स्वास्थ्य ही सेवा थीम पर एक मानव श्रृंखला का निर्माण विद्यार्थियों ने किया । विशिष्ट अतिथि नगर पालिका बहेड़ी स्वास्थ्य विभाग से राजीव रंजन रहे। मुख्य अतिथि डॉ विनय कुमार सिंह और विद्यालय की इको क्लब टीम द्वारा वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एजीएम सिविल विमल कुमार माथुर ने की। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक अध्यापिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्य ने पर्यावरण और स्वच्छता का संकल्प कराया ।

बहेड़ी
अमित कुमार कश्यप
