थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव सिधौली निवासी 40 वर्षीय यशपाल पुत्र शिवकुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यशपाल रेलवे ठेकेदार के पास मजदूरी करता था। परिजनों ने उसकी मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, यशपाल पिछले करीब दो वर्षों से ठेकेदार गुलाबराय के पास काम कर रहा था। रक्षाबंधन के अवसर पर वह घर आया था और दो दिन बाद वापस काम पर चला गया। इन दिनों वह हरियाणा के पलवल जिले के होडल कस्बे के पास रेलवे के टीएसएस निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।
बताया गया कि 14 सितंबर को करीब 11 बजे यशपाल गार्ड कमल के साथ मोटरसाइकिल से कंपनी के काम से गया था। कुछ समय बाद कमल ने परिजनों को फोन कर बताया कि कार से दुर्घटना हो गई है और यशपाल घायल है। सूचना पर परिवार के लोग हरियाणा पहुंचे। परिजनों का कहना है कि यशपाल के शरीर पर गंभीर चोटें थीं, जबकि उसके साथ मौजूद कमल को कोई चोट नहीं आई थी। इसी बात को लेकर परिजनों ने यशपाल की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों ने घायल यशपाल को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर रात में उसे अस्पताल से छुट्टी कराकर परिवार के लोग घर ला रहे थे। रास्ते में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे बरेली जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यशपाल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी गीता देवी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच करेगी।




बरेली
अमित कुमार कश्यप
