82 हजार से अधिक गौवंशों का टीकाकरण पूर्ण, जिलाधिकारी के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों में रिंग वैक्सीनेशन पर विशेष जोर

जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशानुसार जनपद में लम्पी स्किन डिजीज (LSD) की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग द्वारा व्यापक टीकाकरण एवं जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। जनपद के सभी विकास खंडों में पशु चिकित्सा विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर गौवंशों का टीकाकरण कर रही हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जनपद में अब तक 82,000 से अधिक गौवंशों का टीकाकरण किया जा चुका है। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण की रोकथाम के लिए रिंग वैक्सीनेशन को प्राथमिकता दी जा रही है।
डॉ. शैलेन्द्र सिंह द्वारा स्वयं फील्ड में पहुंचकर टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है। पशु चिकित्सकों, पशुधन प्रसार अधिकारियों एवं पैरावेट टीमों के समन्वय से टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
विशेष रूप से ग्राम नूरपुर ततारपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रिंग वैक्सीनेशन के साथ-साथ समीपवर्ती ग्रामों में भी सघन टीकाकरण कराया जा रहा है। इस दौरान पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव के उपाय, पशुओं की स्वच्छता तथा संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है।
पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने गौवंशों का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं तथा किसी पशु में लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा केंद्र अथवा पशु चिकित्साधिकारी को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक उपचार एवं नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्ट.. अशोक कुमार

लोकेशन.. संभल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *